भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में आज हल्की बारिश की संभावना है जबकि 26 से 28 जुलाई के बीच मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर तथा रात में कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बुधवार को सफदरजंग में 12 मिलीमीटर और पालम एयरपोर्ट पर 18.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। स्काईमेट वेदर के अनुसार शहर के अधिकांश केंद्रों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।
26 जुलाई से मॉनसून ट्रफ उत्तर की ओर खिसकेगा और 28 जुलाई तक दिल्ली के उत्तर में पहुंच सकता है। इस दौरान बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। 29 जुलाई के बाद गतिविधियां कम हो सकती हैं।