कॉकरोच जनता पार्टी के 'संसद चलो' मार्च के दौरान दिल्ली में सोमवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई।
नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च निकाला। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। दिल्ली पुलिस के अनुसार ११८ से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए जबकि करीब ६० प्रदर्शनकारी भी जख्मी हुए। ७० प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
सीजेएपी संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि मंगलवार को भी मार्च जारी रहेगा। 'हम प्रदर्शन स्थल को नहीं छोड़ेंगे,' उन्होंने कहा। कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी पुलिस कार्रवाई के बाद अपना अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखने की घोषणा की।
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन विपक्ष ने भी मुद्दा उठाया जिसके कारण लोकसभा सात बार और राज्यसभा छह बार स्थगित हुई। सीजेएपी प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात की लेकिन कोई आश्वासन नहीं मिला।