लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास पर हुई बैठक में नए सीबीआई डायरेक्टर के चयन की प्रक्रिया पर असहमति जताई। उन्होंने नोट ऑफ डिसेंट सौंपते हुए इसे पक्षपातपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और राहुल गांधी की मौजूदगी में 7 लोक कल्याण मार्ग पर बैठक हुई। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें उम्मीदवारों की 360 डिग्री रिपोर्ट नहीं दी गई और प्रक्रिया को औपचारिकता बना दिया गया।
उन्होंने अपने बयान में लिखा, "मैं किसी पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया में भाग लेकर अपने संवैधानिक कर्तव्य का उल्लंघन नहीं कर सकता। विपक्ष का नेता कोई रबर स्टैंप नहीं है।" वर्तमान डायरेक्टर प्रवीण सूद का कार्यकाल 24 मई 2026 को समाप्त हो रहा है।
सरकार ने उम्मीदवारों की सूची तैयार की है जिसमें पराग जैन, शत्रुजीत सिंह कपूर और सदानंद दाते जैसे अधिकारी शामिल हैं। चयन की घोषणा अभी नहीं की गई है।